कलमाड़ी के बाद, अब कनिमोजी की जेल यात्रा तय
राष्ट्रमंडल खेल आयोजन समिति के अध्यक्ष सुरेश कलमाड़ी तो नप गए और ९० दिन तक जमानत के कोई आसार भी नहीं हैं | क्योंकि सीबीआई ने कोर्ट से चार्जसीट पेश करने का ९० दिन का समय माँग लिया है | इससे कलमाड़ी की ९० दिन की 'जेल बुकिंग ' पक्की मानी जा रही है | दूसरी तरफ 'वेटिंग लिस्ट' में चल रहीं वयोवृद्ध द्रमुक नेता करूणानिधि की कभी पत्रकार रहीं सांसद पुत्री कनिमोजी की गिरफ्तारी भी जल्द ही 'कंफर्म' होने वाली है | कभी अपनी धुर विरोधी जे. जयललिता को तमिलनाडू विधानसभा के दौरान सदन में ही साड़ी खिंचवाकर पेटीकोट की हालत में ला देने वाले परम राजनैतिक घाघ पुरुष करुणानिधि की अपनी बेटी पर अपनी सारी करुणाओं की समस्त निधि लुटाने के बावजूद उसकी जेल यात्रा का विधि विधान अवश्यम्भावी माना जा रहा है | इससे अम्मा जे. जयललिता पहले से भी ज्यादा फूलकर 'कुप्पा' नज़र आ रही हैं | तमिलनाडू की राजनीति में एक दूसरे को फूटी आँख भी न सुहाने वाले चश्माधारी करुणा निधि और चिरकुंवारी अम्मा जयललिता कभी भी एक दूसरे को नीचा दिखाने का कोई भी अवसर हाथ से नहीं जाने देते | इसी क्रम में जयललिता ने मुख्यमंत्री रहते हुए करुणा निधि का चश्मा उतारकर और लुंगी खुलवाकर अपनी साड़ी खुलवाने का ' शेम-शेम ' स्टाइल में बदला ले लिया था |
खैर यहाँ बात कनिमोजी की चल रही है | २जी स्पेक्ट्रम घोटाले के चार्जशीट में शामिल कनिमोजी कभी भी गिरफ्तार हो सकती हैं | हालांकि कनिमोजी एक सक्रिय पत्रकार व कवि भी रह चुकी हैं | लेकिन पत्रकारिता और कविता से उबकर उन्होंने २००७ में राज्यसभा के सदस्य के रूप में राजनीति में कदम रखा | सीबीआई के अनुसार उनके टीवी चैनल कलईगनर को २जी स्पेक्ट्रम घोटाले के तहत दो सौ करोड़ रूपये मिले हैं | कनिमोजी के अलावा कलईगनर टीवी के प्रबंध निदेशक शरत कुमार 'स्वान टेलीकाम' के प्रवर्तक शाहिद बलवा के भाई आसिफ बलवा 'कुसेगाव फ्रूट्स' के निदेशक राजीव अग्रवाल तथा सिनेयुग फिल्म के करीम मोरानी आदि अभियुक्त हैं | कनिमोजी की गिरफ्तारी हो या न हो लेकिन सीबीआई के चार्जसीट से एक बात तो आईने की तरह साफ़ हो गई है कि २जी स्पेक्ट्रम महाघोटाले और करुणा की द्रमुक के बीच चोली-दामन का साथ है | सबसे आश्चर्यजनक बात तो यह है कि कनिमोजी के अलावा इस मामले में करुणा की पत्नी दयालु का भी नाम चर्चा में था | लेकिन जादुई तौर पर कलईगनर टीवी में ६० प्रतिशत मालिकाना अधिकार होने के बावजूद भी दयालु का नाम सीबीआई के चार्जशीट में नहीं है |
बता दें अब तक इस मामलें में सीबीआई पूर्व दूरसंचार मंत्री ए. राजा सहित नौ लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है | दूसरी चार्जशीट में नये हाई प्रोफाइल नाम आने के बाद इस महाघोटाले का विदेश से भी कनेक्शन का खुलासा होने की उम्मीद है | यहाँ यह बताना जरूरी है कि दूसरी चार्जशीट में इस घोटाले के लिए २१४ करोड़ की रिश्वत के लेन-देन के तरीके का खुलासा किया गया है | रिश्वत के रूप में जो २१४ करोड़ की राशि दी गई है वह डीबी रियलटी के माध्यम से कुसेगाव कंपनी को फिर यही राशि सिनेयुग फिल्म्स के जरिए कलईगनर टीवी तक पहुँची | सीबीआई द्वारा पेश चार्जशीट में कनिमोजी और शरतकुमार पर घूस लेने जबकि राजीव अग्रवाल, आसिफ बलवा व करीम मोरानी पर घूस देने का आरोप है | जिसके आधार पर दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने सीबीआई की चार्जशीट को मंजूर करते हुए कनिमोजी,शरद कुमार और करीम मोरानी को सम्मन जारी किया है | जिसमें कनिमोजी को आगामी ६ मई को कोर्ट में पेश होने का आदेश दिया गया है | माना जा रहा है कि इसी दिन कनिमोजी की गिरफ्तारी हो सकती है |
मुनीर अहमद मोमिन
No comments:
Post a Comment