सरकार को अपने जेब में रखती है जकात ठेका कंपनी
महाराष्ट्र राज्य सरकार को अपने जेब में रखने वाली भिवंडी मनपा की चुंगी ठेकेदार कंपनी ' कोणार्क इन्फ्रास्ट्रक्चर ' की धांधलियों, गुंडागर्दी और मनमानी वसूली के खिलाफ राज्य के मुख्यमंत्री सहित अन्य संबंधित अधिकारियों से हस्तक्षेप करने की माँग की गयी है |
श्रीसती इंटरप्राइजेज के मालिक नितेश अग्रवाल ने राज्य के मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण और नगर विकास विकास सचिव सहित अन्य सम्बंधित अधिकारियों को भेजे गये ज्ञापन में कोणार्क की दबंगई से मनमानी चुंगी वसूली का दस्तावेजी सबूत देकर भिवंडी आक्ट्रायनाका को व्यवसायिक कसाईखाना बताया है | अग्रवाल ने ज्ञापन में कहा है कि वस्तुओं का पक्का बिल होने के बावजूद बिल की रकम को नजरअंदाज करते हुए चुंगीकर्मी तानाशाही और गुंडागर्दी करते हुए अपना मनमानी भाव तय करके चुंगी वसूलते हैं | ज्ञापन में उन्होंने ठेकेदार कंपनी पर आरोप लगाया है कि उसके इस अवैध चुंगी वसूली में यहाँ के ट्रांसपोर्टरों की भी मिली भगत है | क्योंकि ज्यादा भाव की चुंगी वसूली में कोणार्क कंपनी ट्रांसपोर्टरों को भी हिस्सा देती है | नितेश अग्रवाल ने बतौर सबूत इश्वरी टेक्सटाइल्स, बन्नारी अम्मान टेक्सटाइल्स प्रा.लि. और राजलक्ष्मी काटस्पीन इंडिया प्रा.लि. सहित कई यार्न कंपनियों का पक्का बिल और उसके सामने कोणार्क कंपनी द्वारा मनमानी भाव पकड़कर वसूली गयी चुंगी की बिल प्रस्तुत किया है | जिसमें कोणार्क ने यार्न कंपनियों के बिलों पर साफ़-साफ़ अंकित निश्चित धनराशि से बढ़कर अधिक अपने मनमानी भाव की धनराशि पर चुंगी वसूला है | उन्होंने कहा है कि इससे साबित होता है कि कोणार्क कंपनी ने खुलेआम यहाँ के व्यापारियों से करोड़ों रुपए की लूट की है | बताया जाता है कि राज्य के संवैधानिक पद पर आसीन एनसीपी के एक नेता की भागीदारी और शह पर कोणार्क ये दादागिरी करती है |
मुख्यमंत्री को भेजे गये ज्ञापन में नितेश अग्रवाल ने कंपनी पर यह भी आरोप लगाया है कि कोणार्क कंपनी ने चुंगीकर्मी के रूप में सिर्फ गुंडे पाल रखे हैं | जो मनमानी भाव के खिलाफ एतराज करने पर व्यापारियों के साथ गाली-गलौज और मारपीट पर उतारू होने के साथ-साथ पूरी गाडी भी खाली करा लेते हैं | जिसके आतंक से यहाँ का व्यापारी कोणार्क कंपनी का अत्याचार सहन करने पर मजबूर हो जाता है | अग्रवाल ने वर्षों से मनमानी भाव पकड़कर वसूली गई रकम को रिफंड करने की माँग करते हुए मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण से कोणार्क कंपनी के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई करने की माँग की है | उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यहकोई उनकी अकेली समस्या नही है बल्कि यह पूरे शहर के व्यापारियों की समस्या है | यदि सरकार उन्हें न्याय दिला नही पाती तो उन्हें मजबूरन कोणार्क कंपनी और सरकार दोनों के खिलाफ न्यायालय का दरवाजा खटखटाना पड़ेगा | मुनीर अहमद मोमिन
No comments:
Post a Comment