Sunday, January 30, 2011

आखिर दर्ज हो ही गया आदर्श एफआईआर

                   बड़ी मछलियाँ अभी भी जाल से बाहर
आखिरकार देश भर में बहु चर्चित व विवादास्पद मुंबई के आदर्श हाउसिंग घोटाला काण्ड में पूर्व मुख्य मंत्री अशोक चव्हाण सहित १२ लोगों के खिलाफ सीबीआई ने प्राथमिकी दर्ज कर ही लिया | इस प्राथमिकी में तीन आईएएस, एक आईपीएस और सेना के चार बड़े अधिकारियों के नाम भी शामिल हैं | इसमें पूर्व मेजर जनरल एम.एम. वांगचू , आर.सी. ठाकुर व विधायक कन्हैयालाल गिडवानी को मुख्य साजिश कर्ता बनाया गया है | इन सबके खिलाफ भ्रष्टाचार, धोखाधड़ी व अपराधिक षड्यंत्रों के मामलों में धारा ४२०, ४६८, ४७१, १२० बी व १३ ए के तहत केस दर्ज किया गया है | अन्य आरोपियों में आई.ए.कुंदन, रामानन्द  तिवारी, सुभाष लाला, पी, वी. देशमुख, प्रदीप व्यास आदि शामिल हैं | इस बाबत आदर्श मामले में याचिका कर्ता रहे वाई.पी.सिंह का कहना है कि इस एफआईआर में कम से कम ५० लोगों का नाम होना चाहिए था | आदर्श घोटाले के मुख्य सूत्रधार विलासराव देशमुख, सुशीलकुमार शिंदे और अशोक चव्हाण तीनो है | लेकिन सुप्रीम कोर्ट की लताड़ और दस लाख के आर्थिक दंड के बावजूद जिस तरह से केन्द्रीय मन्त्रिमन्डल में विलासराव देशमुख को  ग्रामीण विकास मंत्रालय देकर उनका कद बढाया गया है | इससे यही संकेत मिलता है कि एफआईआर में उनका नाम नही होगा | कुछ इसी तरह की प्रतिक्रिया महाराष्ट्र विधान सभा में विपक्ष के नेता एकनाथ खडसे की भी है | उनका भी यही कहना है कि एफआईआर में विलासराव देशमुख और सुशीलकुमार शिंदे का नाम क्यों नही है | जबकि देशमुख एवं शिंदे के ही कार्यकाल में आदर्श सोसायटी से संबंधित  अनुमति दी गयी थी | इस लिए एफआईआर में उनका नाम यदि नही भी है तो अवश्य शामिल किया जाना चाहिए | सूत्रों का दावा है कि मामला दर्ज करने का फैसला सबूतों पर कानूनी राय लिए जाने के बाद लिया गया | आदर्श मामले की सुनवाई के दौरान न्यायमूर्ती बी.एच. मारलापले और यू.डी. सालवी की खंडपीठ ने सीबीआई से पूंछा था कि आपने मामला दर्ज क्यों नही किया | कोलाबा के नजदीक बनी इस इमारत में सेना के दो पूर्व प्रमुख जनरल दीपक कपूर और जनरल एन.सी.विज और पूर्व नौसेना प्रमुख एडमिरल माधवेन्द्र सिंह के भी फ़्लैट हैं | हालांकि इन पूर्व प्रमुखों ने दावा किया है कि उन्होंने फ़्लैट लौटा दिए हैं | 
       
                                                मुनीर अहमद मोमिन

1 comment:

  1. cbi. is also corrupted.al money & power game.in our case cbi.says tht it cant take the case. anyways powerful personalities can do anythng.we can just write our feelings.

    ReplyDelete